बैरगनिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के उपसेवा केंद्र, डूमरवाना में चैतन्य झांकी एवं प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों की आकर्षक झांकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल पर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
मुख्य अतिथि बीडीओ सुनील कुमार गौड़ ने कहा कि ब्रह्माकुमारी उपसेवा केंद्र लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान देने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश दे रहा है।
प्रवचन में माता कलावती ने कहा कि प्रकृति जिस प्रकार समय-समय पर परिवर्तन करती है, उसी प्रकार युगों का भी परिवर्तन होता है। सतयुग के बाद कलियुग आया और अब पुनः सतयुग के आगमन का समय है। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजमोहन कुमार, प्रो. राजकुमार सिंह, भाजपा नेता प्रमोद महतो, शंभू शाह कानू एवं विनोद कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बीके निर्मला बहन ने किया। उपसेवा केंद्र से जुड़े लालबाबू भाई, पूनम माता, सुमित्रा माता सहित बड़ी संख्या में भाई-बहन एवं माताएं उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों एवं आध्यात्मिक शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।