बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी : अधिवक्ता प्रिया लेघां
विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह मुक्त भारत और नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति किया जागरूक
भिवानी, 20 नवंबर : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिवानी के तत्वावधान में विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012, बाल विवाह निषेध अधिनियम तथा नशा मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता एडवोकेट प्रिया लेघां और पैरालीगल वॉलंटियर मोहित कुमार ने विद्यार्थियों को कानून के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों से अवगत करवाया।
एडवोकेट प्रिया लेघां ने पॉक्सो एक्ट-2012 की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन शोषण एवं उत्पीडऩ से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार के शोषण या गलत व्यवहार की स्थिति में डरने अथवा चुप रहने की बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
पैरालीगल वॉलंटियर मोहित कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशा मुक्त भारत अभियान पर प्रकाश डालते हुए अधिवक्ता प्रिया लेघां ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि जागरूकता से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें सामाजिक बुराइयों के प्रति सचेत करना समय की आवश्यकता है। यदि विद्यार्थी छोटी उम्र से ही कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझेंगे तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। कार्यक्रम में प्राचार्य पवन कुमार यादव, सुनीता यादव, सविता, मुकेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, चित्रेश, राजेश कुमार, सत कुमार, स्तर कुमार एवं राहुल सहित विद्यालय के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।