पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया ने छात्रावासों का किया निरीक्षण
छात्रावासों में आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य कराने के दिए निर्देश
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने गुरुवार को मुरैना जिले के दो पिछड़ा वर्ग छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावासों में आवश्यकतानुसार समय-समय पर मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं एवं अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।
डॉ. कुसमरिया ने एबी रोड स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के विभिन्न कक्षों एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान छत के प्लास्टर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, छात्रावास की रिक्त सीटों पर पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से मीनू के अनुसार भोजन, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अध्ययन के लिए सकारात्मक एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का नियमित रूप से ध्यान रखा जाए।
इसके बाद डॉ. कुसमरिया ने शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, बड़ोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए छात्राओं से संवाद किया और उनके रहन-सहन, भोजन तथा अध्ययन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनसे आत्मीय संवाद किया।
निरीक्षण के अंत में डॉ. कुसमरिया ने छात्राओं के साथ छात्रावास परिसर में पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल विद्यार्थियों के निवास का स्थान नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए यहां स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग की प्रभारी अधिकारी श्रीमती दीक्षा जादौन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
36 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026