बाजपुर न्यूज
रामलीला मंचन के दौरान डिजिटल स्क्रीन से चलाया साइबर जागरूकता अभियान
फर्जी लोन ऐप, डिजिटल अरेस्ट और एआई से बने डीपफेक वीडियो के जरिए ठगी से बचने के बताए उपाय
बाजपुर। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा माह के अंतर्गत केलाखेड़ा पुलिस ने रामलीला मंचन के दौरान डिजिटल स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर आयोजित अभियान में रामलीला देखने पहुंचे लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने डिजिटल स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से लोगों को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, ई-मेल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। फर्जी लोन ऐप, पार्ट टाइम नौकरी और वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी करने के साथ ही अनधिकृत ट्रेडिंग ऐप के जरिए अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता है। वहीं, डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लोगों से रुपये ऐंठने के मामले भी सामने आ रहे हैं।
अभियान के दौरान एआई से तैयार नकली आवाज और डीपफेक वीडियो के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी लोगों को सतर्क किया गया। पुलिस ने पार्सल में प्रतिबंधित सामग्री मिलने का भय दिखाकर ठगी करने, सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर रुपये मांगने और बैंक केवाईसी अपडेट के नाम पर गोपनीय जानकारी हासिल करने जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर बैंक खातों से संबंधित जानकारी चुराने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि अनजान व्यक्तियों के कहने पर किसी भी खाते में रुपये ट्रांसफर न करें और अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। लॉटरी या महंगा उपहार मिलने के झांसे में आने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान ऐप डाउनलोड करने और किसी को मोबाइल का रिमोट एक्सेस देने से बचने की सलाह भी दी गई।
पुलिस टीम ने साइबर ठगी से बचाव के लिए ‘स्टॉप, थिंक एंड एक्शन’ यानी रुकें, सोचें और फिर कार्रवाई करें का संदेश दिया। लोगों को बताया गया कि किसी संदिग्ध कॉल, वीडियो या आवाज पर तुरंत भरोसा करने के बजाय संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करें। नौकरी, निवेश और ऑनलाइन ऑफर की सत्यता जांचने के बाद ही कोई कदम उठाएं।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही लोगों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Oct 23, 2026