सतना साइबर अपराधों से बचाव हेतु "SAFE CLICK-2026" साइबर जागरूकता अभियान
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक सतना के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्वेता मौर्या द्वारा जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से "SAFE CLICK-2026" साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान के अंतर्गत संदीपनी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बगहा जिला सतना, पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप, एवं महिला थाना परिसर में साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है। छात्र छात्रों एवं नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया है।
निरीक्षक श्वेता मौर्या ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in� पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें।
अभियान के दौरान पोस्टर, पम्पलेट, जनसंवाद, सोशल मीडिया संदेश एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, किसी को ओटीपी, बैंकिंग जानकारी अथवा पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
महिला थाना सतना द्वारा नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई है।
"सावधान रहें, सुरक्षित रहें – SAFE CLICK करें".