जनता का विश्वास ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य हैं-मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव
ग्राम पंचायत बीडसरकार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का हुआ शुभारंभ
--
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आमजन की समस्याओं का तत्काल निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ 07 अगस्त से किया गया है। जनता का विश्वास ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जा रहा है। यह बात पूर्व राज्यमंत्री एवं मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव ने शुक्रवार को जनपद पंचायत मुंगावली की ग्राम पंचायत बीडसरकार में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही।
इस अवसर पर शिविर में आयुक्त ग्वालियर संभाग श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती विजयालक्ष्मी जैन सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 08 जनवरी 2027 तक संचालित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मतलब जनता का विश्वास है। शिविर में आमजन को ये विश्वास होना चाहिए कि हम शिविर में गए और वहां पर हमने आवेदन दिया और उसका मौके पर ही निराकरण किया गया।मुख्यमंत्री की मंशा है कि अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का शिविर के माध्यम से समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में आमजन से प्राप्त आवेदनों का तत्काल मौके पर ही निराकरण या समस्या का समाधान करना है।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हम जनता की सेवा के लिए हैं, यही शासन की मंशा है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले। इस हेतु आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने शिविर में उपस्थितजनों से आह्वान किया कि बच्चों को अच्छे से पढ़ायें लिखायें और उनके उज्जवल भविष्य को सवारें।
आयुक्त ग्वालियर संभाग ने हितग्राहियों से किया संवाद
शिविर में आयुक्त ग्वालियर संभाग श्री मनोज खत्री ने हितग्राहियों एवं आमजन से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी। उन्होंने राजस्व संबंधी प्रकरणों,जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राशन, प्रसूति सहायता, आयुष्मान कार्ड, खाद वितरण, शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी ली एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं स्थानीय कर्मचारियों से योजनाओं,कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
समस्याओं का निराकरण एवं हितलाभ का वितरण
शिविर में सीएम हेल्पलाइन की 2329 शिकायतें में से 1024 शिकायतों का निराकरण किया गया। साथ ही लोकसेवा गारंटी अंतर्गत 1080 आवेदनों में से 716 आवेदनों का निराकरण किया। शिविर में बीडसरकार ग्राम पंचायत के 40 स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र मौके पर वितरित किए गए। इस दौरान 06 व्यक्तियों के नामांतरण एवं 02 बंटवारा के प्रकरणों का तत्काल निराकरण कराया गया। 05 पात्र हितग्राहियों को पात्रता पर्ची, 02 हितग्राहियों को आहार अनुदान योजना का लाभ, 02 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृत की गई। इसी प्रकार शासन की योजनान्तर्गत 05 रूपये में विद्युत विभाग अंतर्गत 03 नए कनेक्शन प्रदान किये गये। 06 हितग्राहियों को 02-02 लाख रुपए की संबल अनुग्रह राशि, एक प्रकरण में 4 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।
शिविर में प्राप्त आवेदनों का हुआ निराकरण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में विभिन्न समस्यामूलक आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुए। शिविर में कुल 175 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से मौके पर ही 69 आवेदनों का निराकरण किया गया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#ashoknagar