#कार्यालय श्री सनातन धर्म सभा, चंबा (हि.प्र.)
मासिक बैठक के उपरांत जारी प्रेस विज्ञप्ति
श्री सनातन धर्म सभा, चंबा की मासिक बैठक का आयोजन आज सभा के पारंपरिक भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता सभा के प्रधान श्री सुरेश कश्मीरी ने की। बैठक में सभा के संगठनात्मक विस्तार, समाजहित में किए जाने वाले धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
#बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने तथा समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही चंबा की प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में चर्चा किए गए प्रमुख विषय निम्नलिखित रहे:
1. श्री लक्ष्मी नाथ मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन का स्वागत
सभा ने लंबे समय से लंबित श्री लक्ष्मी नाथ मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर ट्रस्ट की कार्यवाही आरंभ करने तथा मंदिर प्रबंधन के हित में लिए जा रहे सकारात्मक निर्णयों का स्वागत किया। सभा ने नवनिर्वाचित ट्रस्टियों से आग्रह किया कि वे श्री सनातन धर्म सभा की सदस्यता भी ग्रहण करें तथा सभा की मासिक बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य सुझावों एवं अनुभवों से संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग दें।
सभा ने कहा कि मंदिर की मरम्मत, धार्मिक व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधन संबंधी कमियों के बारे में जिला प्रशासन को पहले भी अवगत करवाया गया था। अब इन विषयों पर सकारात्मक पहल दिखाई दे रही है, जिसका सभा स्वागत करती है। साथ ही प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट से आग्रह किया गया कि शेष लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारू एवं प्रभावशाली बनाया जा सके।
2 सभा के प्राचीन पुस्तकालय एवं वाचनालय भवनों को पुनः उपलब्ध करवाने का आग्रह
सभा ने अपने प्राचीन पुस्तकालय एवं वाचनालय भवन सहित सभा के दो अन्य भवनों, जिनमें पूर्व में संस्कृत विद्यालय तथा वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय संचालित हो रहा है, को सभा को वापस उपलब्ध करवाने का सादर अनुरोध किया। सभा का कहना है कि इन भवनों का उपयोग लंबे समय से शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, लेकिन अब सभा अपने वर्षों पुराने पुस्तकालय एवं वाचनालय को पुनः स्थापित कर समाज के लोगों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना चाहती है।
सभा ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि वर्ष 2022 में इन भवनों के सरकारीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार देय किराये की राशि भी सभा को जारी की जाए, ताकि सभा अपने सामाजिक एवं धार्मिक उद्देश्यों को आगे बढ़ा सके।
3. बजन्तरियों के मानदेय में वृद्धि तथा धाम परिसर के किराये पर पुनर्विचार का आग्रह
सभा ने जिला प्रशासन द्वारा श्री लक्ष्मी नाथ मंदिर के भबजन्तरियों के मानदेय में वृद्धि किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस निर्णय का स्वागत किया। हालांकि, मंदिर परिसर में धाम आयोजन के लिए निर्धारित किराये को 7,000 रुपये से बढ़ाकर सीधे 11,000 रुपये किए जाने पर सभा ने आश्चर्य व्यक्त किया।
सभा ने प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन से आग्रह किया कि इस किराया वृद्धि पर पुनर्विचार कर इसे न्यायसंगत एवं जनहितकारी बनाया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं संपन्न सभी वर्गों के लोग धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकें। साथ ही मंदिर की आय पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
4. मंदिर प्रबंधन अधिकारी की पूर्णकालिक नियुक्ति की मांग
सभा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि श्री लक्ष्मी नाथ मंदिर की धार्मिक गतिविधियों, संपत्तियों के संरक्षण, वित्तीय प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं के प्रभावी संचालन के लिए एक योग्य, अनुभवी एवं पूर्णकालिक मंदिर प्रबंधन अधिकारी की शीघ्र नियुक्ति की जाए। सभा का मानना है कि ऐसी नियुक्ति से मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता आएगी तथा मंदिर का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा।
बैठक के अंत में सभा ने दोहराया कि श्री सनातन धर्म सभा चंबा धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी तथा समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी
श्री सुरेश कश्मीरी
प्रधान, श्री सनातन धर्म सभा, चंबा
Chamba, Chamba | Nov 15, 2026