विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट
राजनीतिक प्रभावशाली लोगों पर अतिक्रमण का आरोप, कार्रवाई के दौरान ग्रामीण से मारपीट का भी दावा
सवाई माधोपुर। पांचोलास गांव में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने ग्राम पंचायत के नाम दर्ज भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खसरा नंबर 1357 की भूमि से कथित अतिक्रमण पूरी तरह हटवाने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल के सामने स्थित ग्राम पंचायत की भूमि पर कुछ राजनीतिक एवं प्रभावशाली लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते स्कूल के बच्चों को खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन को शिकायत दी गई थी। 30 अगस्त 2026 को राजस्व विभाग, ग्राम प्रशासन और पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में कार्रवाई भी की गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि मौके से पूरा अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका।
ज्ञापन में अतिक्रमण हटाने की शिकायत करने वाले ग्रामीणों के साथ कथित अभद्रता, धमकी और मारपीट के आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मामले में टीम गठित कर ग्राम पंचायत के नाम दर्ज भूमि का मौका निरीक्षण करवाने और पूरे अतिक्रमण को हटाकर विद्यालय के बच्चों के उपयोग के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।