#भरतपुर। जिले के नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बुधवार को भुसावर सर्किल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्किल के अंतर्गत आने वाले भुसावर, वैर, हलैना और खेड़ली मोड़ थानों का जायजा लिया और वहां की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। भुसावर थाना पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों जैसे स्वागत कक्ष, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, एचएम कार्यालय और पुलिस क्वाटर्स का गहराई से अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। एसपी ने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और उनके जल्द समाधान का आश्वासन भी दिया। मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने थानों में लंबित पड़े मामलों को जल्द से जल्द समाप्त करने और वांछित अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने थाने पर मौजूद परिवादियों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए निर्देशित किया। एसपी ने कहा कि पुलिस को 'आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय' के सिद्धांत पर काम करते हुए जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए। इस निरीक्षण के दौरान वैर एएसपी ओमप्रकाश मीणा, सीओ नरेंद्र सिंह और भुसावर थानाधिकारी रामदयाल मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।