#नीट_परीक्षा_की_तैयारियां_तेज..
भरतपुर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने बुधवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव एवं सीओ सिटी आशिमा बासवानी भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। केंद्रों की बाउंड्री वॉल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं पंखों सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्र राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित हैं। नीट परीक्षा को लेकर इस बार प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। पिछले वर्ष सामने आए पेपर लीक प्रकरण के बाद परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है। इसी कारण परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीओ सिटी आशिमा बासवानी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार सुरक्षा गार्ड और पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के साथ-साथ प्रवेश व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।