राजगढ़ में स्वयंसेवकों ने निकाला भव्य पथ संचलन
सिरमौर के राजगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। संघ के 101वें वर्ष के उपलक्ष्य में नेहरू मैदान से भव्य पथ संचलन निकाला गया। शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण के बाद स्वयंसेवकों ने शहर की परिक्रमा कर एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
राजगढ़ के नेहरू मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन, ध्वजारोहण और ध्वज प्रणाम के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से पथ संचलन निकाला और वापस नेहरू मैदान पहुंचे।
मुख्य अतिथि वेद प्रकाश ठाकुर ने युवाओं से नशे से दूर रहने, भारतीय संस्कृति पर गर्व करने और सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया।
वहीं, संघ के प्रांतीय प्रचारक प्रताप सिंह और खंड कार्यवाह विकल्प सिंह ठाकुर ने विजयादशमी के महत्व तथा संघ की स्थापना और परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अनुशासन, संगठन और समाज के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा दी।
रिपोर्ट: रवि दत्त भारद्वाज, न्यूज टुडे हिमाचल, राजगढ़
Shimla Urban, Shimla | Nov 2, 2026