Bihar news : आंगनबाड़ी केंद्र के जीर्णोद्धार में अनियमितता का आरोप, गंडक के बालू और पुराने मलबे से निर्माण कराने का दावा। ग्रामीणों ने मुखिया और अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल, डीएम से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग। योगापट्टी प्रखंड की सिसवा मंगलपुर पंचायत के मंगलपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 185 के जीर्णोद्धार कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया और प्रखंड प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि सरकारी राशि से कराए जा रहे जीर्णोद्धार कार्य में गंडक नदी का बालू और पुराने मकानों का मलबा इस्तेमाल किया जा रहा है।स्थानीय ग्रामीणों, उपमुखिया धर्मेंद्र कुमार, वार्ड सदस्य सुरेंद्र यादव, लोरिक मुखिया, गांधी मुखिया, मझय मुखिया, शिव कुमार और सर्वेश मुखिया सहित अन्य लोगों ने बताया कि पंचायत के मुखिया रामचंद्र साह द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। इससे भवन की मजबूती और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों की पढ़ाई, पोषण और देखभाल का महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे भवन के जीर्णोद्धार में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल होना चाहिए, लेकिन यहां सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद कथित तौर पर घटिया सामग्री लगाई जा रही है।
मामले में जब मीडिया ने प्रखंड विकास पदाधिकारी शशिभूषण कुमार से जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि आप लोग मुखिया से बात कीजिए। इस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि सरकारी योजना में अनियमितता की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराना क्या अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं है?ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह से मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने और अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं स्थल निरीक्षण कर सरकारी राशि के दुरुपयोग पर रोक लगानी चाहिए।#AnganwadiCentre #Yogapatti #WestChamparan #BiharNews #CorruptionAllegations #DevelopmentWork #PoorConstruction #GovernmentScheme #PublicFunds #QualityIssues #VillageNews #LocalNews #DMWestChamparan #BiharBreakingNews #groundreport
Bettiah, West Champaran | Nov 13, 2026