#ग्रामीणों_का_जोरदार_प्रदर्शन..
भरतपुर। डीग जिले में सेत से सिनसिनी गांव की लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सेत चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव और मनुदेव सिनसिनी की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में सेत, सिनसिनी, मुकुंदपुर, सितारा और सेहती समेत कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण और युवा शामिल हुए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति और कीचड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता का घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों ने दो दिन में सड़क को चलने योग्य बनाने की मरम्मत शुरू करने और मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे गए सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र कर जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।