_अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस_
493 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्रों पर 8,390 ने किया योगाभ्यास
बीकानेर, 21 जून। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर जिले के 493 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्रों व उच्चतर संस्थानो पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया जिसमें 8,390 व्यक्तियों ने सहभागिता की। सीएमएचओ डॉ पुखराज साध ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जनता क्लिनिक पर चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशिक्षित योग साधकों ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के निवासियो को योग क्रियाएं करवाई। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा आमजन को योग के लाभ बताते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया तथा विभिन्न योग आसान करवाए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जिला नोडल अधिकारी डॉ लोकेश गुप्ता ने बताया कि जिले भर में हुए योग सत्रों के दौरान 5,017 पुरुष व 3373 महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर अस्पतालों पर असंक्रामक रोगों से बचाव के लिए नियमित गतिविधियां के अंतर्गत प्रतिदिन योगाभ्यास करवाने की सुविधा उपलब्ध है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष रुप से योग शिविरों का आयोजन कर योग से निरोग तथा वसुधैव कुटुंबकम का संदेश प्रसारित किया गया। जिन अस्पतालों पर योग सत्र आयोजित नहीं हुए वहां के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय योग समझ में शिरकत की गई।