एनएच-119ए के भू-अर्जन मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के लिए किसानों के साथ बैठक
अनुमंडल पदाधिकारी, पीरो ने आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने एवं आपत्तियाँ लिखित रूप में प्रस्तुत करने का किया अनुरोध
आरा, भोजपुर। आरा–सासाराम राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-119ए के निर्माण हेतु अर्जित भूमि के मुआवजे का किसानों को शीघ्र एवं सुगमतापूर्वक भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी, पीरो द्वारा बड़का गाँव, भदसेरा, डुमरिया एवं रननी के किसानों के साथ अलग-अलग बैठकें की गईं। बैठकों में किसानों से भुगतान हेतु आवश्यक कागजात यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
डुमरिया मौजा की अधिसूचना बाद में जारी होने के कारण वहाँ नोटिस वितरण की प्रक्रिया चल रही है। कुछ किसानों द्वारा नोटिस प्राप्त करने में अनिच्छा व्यक्त किए जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी ने उनसे संवाद किया तथा नोटिस प्राप्त करने और अपनी आपत्तियाँ लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई। इस पर किसानों ने नोटिस प्राप्त करने एवं अपनी आपत्तियाँ लिखित रूप में उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की।
भदसेरा मौजा के किसानों से संबंधित आदेश अपीलीय न्यायालय, आयुक्त, पटना प्रमंडल से प्राप्त हो गया है। संबंधित किसानों से आवश्यक कागजात शीघ्र जमा करने का अनुरोध किया गया, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। बड़का गाँव से संबंधित आदेश की प्रतीक्षा है। वहाँ के किसानों ने भी आवश्यक कागजात जल्द उपलब्ध कराने पर सहमति जताई, ताकि आदेश प्राप्त होने के बाद भुगतान संबंधी कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।
प्रशासन द्वारा किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान तथा मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों से आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराकर एवं अपनी आपत्तियाँ लिखित रूप में प्रस्तुत कर प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।
@iprdbihar
Bhojpur, Bihar | Nov 29, 2026