डीएम पैदल पहुंचे पहाड़ी जनजातीय गांव लठिया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
लखीसराय। आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों के तहत जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने शनिवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड की चौरा राजपुर पंचायत स्थित तुमनी एवं पहाड़ों से घिरे जनजातीय गांव लठिया का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंचायत सरकार भवन सहित गांव के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने राशन कार्ड एवं श्रम कार्ड बनाने की मांग उठाई, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं श्मशान घाट तक जाने वाली कच्ची सड़क को पक्का कराने तथा लठिया मध्य विद्यालय से तुमनी तक अधूरी सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी।ग्रामीणों ने गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि निकटतम स्वास्थ्य केंद्र लगभग छह किलोमीटर दूर है, जिससे आपात स्थिति में परेशानी होती है। इसके अलावा पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित खेल मैदान के सौंदर्यीकरण तथा जनजातीय बच्चों को क्रिकेट एवं अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।मोबाइल नेटवर्क की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने गांव में मोबाइल टावर लगाने की मांग रखी। इस पर डीएम ने बीडीओ को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों को सहयोग शिविर पोर्टल पर अपलोड कर अधिकतम 30 दिनों के भीतर कार्रवाई प्रारंभ की जाए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने जनजातीय बच्चों और अधिकारियों के साथ पहाड़ों से घिरे रमणीय मैदान में कुछ देर क्रिकेट खेलकर खेलकूद को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। जिला प्रशासन ने सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।