राजकीय इंटर कॉलेज थाला बैंड का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न
थाला बैंड (चमोली)। राजकीय इंटर कॉलेज थाला बैंड में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के अवसर पर किया गया था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के लिए अभी कई स्तरों पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक का है, ऐसे में छात्र-छात्राओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित आधुनिक तकनीकों का ज्ञान भी दिया जाना आवश्यक है, ताकि वे बदलती दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, नंदा देवी राजजात की झांकियों तथा पौराणिक पांडव नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह रावत ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र से पहुंचे लोग मौजूद रहे।