दशहरी में गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में मनाया गया उत्सव, सेंगुर नदी घाट पर हुई भव्य आरती
स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर दिया नदी संरक्षण का संदेश, दौड़ और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कानपुर देहात। संदलपुर क्षेत्र के दशहरी गांव के पास हनुमानगढ़ आश्रम के समीप जिला गंगा समिति कानपुर देहात के नेतृत्व में गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष साकेत पाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नदियों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान ग्राम पंचायत में 'नमामि गंगे, हर-हर गंगे' के नारों की गूंज सुनाई दी। इसके बाद सेंगुर नदी घाट पर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पंकज ने प्रथम, धनंजय ने द्वितीय और साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में मंजुल ने प्रथम, गौरी ने द्वितीय और विद्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से नदी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सेंगुर नदी घाट पर ग्रामीणों की सहभागिता से गंगा आरती, दीपोत्सव और दीपदान का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल और उपप्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने नदी को नमन किया।
मुख्य अतिथि साकेत पाल ने कहा कि गंगा नदी हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत होने के साथ-साथ जीवनदायिनी भी है। इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा उनके प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी, उपप्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय, प्रिंस सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Sikandra, Kanpur Dehat | Nov 5, 2026