मुरैना पुलिस का रेत माफियाओं पर प्रहार, चंबल तक जाने वाले अवैध रास्ते जेसीबी से खुदवाकर किए बंद
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरैना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंबल नदी तक पहुंचने वाले कई अवैध रास्तों को जेसीबी से खुदवाकर बंद कर दिया।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना सरायछौला पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बाबा देवपुरी मंदिर के आसपास तथा ग्राम हेतमपुर क्षेत्र से चंबल नदी की ओर जाने वाले प्रमुख कच्चे और वैकल्पिक मार्गों का सर्वे किया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से इन मार्गों के बीच गहरे गड्ढे खुदवाकर उन्हें पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार इन रास्तों का उपयोग अवैध रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और अन्य भारी वाहन करते थे।
मार्ग बंद होने से रेत माफियाओं की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगेगी और अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। मुरैना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य अवैध मार्गों को भी चिन्हित कर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।