कोटा के बेस्ट प्राइस वॉलमार्ट में 220.5 लीटर घी सीज, जांच में मिला अनसेफ
वंदू ब्रांड के गाय-भैंस के घी पर कार्रवाई, हॉस्टल मैस से भी लिए 12 खाद्य नमूने
कोटा। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बेस्ट प्राइस वॉलमार्ट स्टोर पर कार्रवाई करते हुए 220.5 लीटर वंदू ब्रांड का गाय-भैंस का घी सीज किया। पूर्व में लिए गए नमूनों की जांच में घी अनसेफ पाए जाने के बाद विभाग ने स्टोर में बचे घी की दोबारा सैंपलिंग कर उसे सीज कर दिया। मौके से वंदू और मिल्क जॉय ब्रांड सहित घी के चार नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
हॉस्टल मैस को इंप्रूवमेंट नोटिस
विभाग की टीम ने वसंती रेजिडेंसी हॉस्टल की मैस का निरीक्षण कर बटर, पनीर, दाल, सूजी, मैदा और मसालों सहित 12 नमूने लिए। मैस में साफ-सफाई संतोषजनक मिली, लेकिन कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। इस पर हॉस्टल मालिक और मैस संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्हें 15 दिन में जवाब देने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
दशहरा मेले में लगेगा लाइसेंस कैंप
खाद्य सुरक्षा विभाग और कोटा खुदरा व्यापार संघ के संयुक्त अधिवेशन में व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के नियमों की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में खाद्य सामग्री की दुकान लगाने वाले व्यापारियों की सुविधा के लिए फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन कैंप भी लगाया जाएगा।
विभाग ने अभियान के तहत कुल 16 नमूने लिए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Ladpura, Kota | Oct 16, 2026