उमरावत में तीन दिवसीय सांग महोत्सव का समापन, हरियाणवी संस्कृति के रंगों में रंगे ग्रामीण
सांग और लोक विधाएं हरियाणा की आत्मा हैं : विधायक घनश्याम सर्राफ
ग्रामीण प्रतिभाओं और प्राचीन कला को नया जीवन देते है सांग महोत्सव : विरेंद्र कौशिक
भिवानी, 18 सितंबर : गांव उमरावत स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में हरियाणा कला परिषद, कुरूक्षेत्र के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय भव्य सांग महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। बाबा मुखराम दास सेवा सोसायटी द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में महाशय विकास पासौरिया एवं पार्टी ने ऐतिहासिक व पौराणिक आख्यान चन्द्र गुप्त धर्म मालकी का बेहद प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों के शानदार अभिनय, संवाद अदायगी और लोकधुनों पर उपस्थित ग्रामीण व क्षेत्रवासी मंत्रमुग्ध हो गए। सांग के साथ-साथ कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आध्यात्मिक सत्संग ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने शिरकत की। कार्यक्रम के आयोजक बाबा मुखराम दास सेवा सोसायटी के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने महाशय विकास पासौरिया और उनकी पूरी टीम को फूल-मालाएं पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सांग और लोक विधाएं हरियाणा की आत्मा हैं। आधुनिकता की दौड़ में अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेज कर रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सांग केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, चरित्र निर्माण और इतिहास की गौरव गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त मंच रहे हैं। हरियाणा सरकार और हरियाणा कला परिषद ग्रामीण आंचल में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे का सराहनीय कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने कहा कि गांव उमरावत में इस प्रकार के पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं और प्राचीन कला को नया जीवन देता है। लोक कलाकारों का सम्मान करना वास्तव में हमारी संस्कृति का सम्मान है। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य जन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, जिनमें बुजुर्ग श्री सत्यनारायण शर्मा, धर्मबीर, नीरज कौशिक, दीपक कौशिक, हरीश कौशिक, सुधीर कौशिक, श्रीकांत कौशिक, पंचायत समिति सदस्य अनूप कौशिक, विकास मंच उमरावत के प्रधान विनोद शर्मा, एडवोकेट सोना, युधिष्ठिर वत्स और बजरंग लाल शामिल हैं।
कार्यक्रम में उमरावत सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की हौसलाअफजाई की। आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।