प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा।
.....................
मुहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय ब्रीफिंग आयोजित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का दिया गया निर्देश।
आज दिनांक 23 जून 2026 को श्रीमती उदिता सिंह, जिला पदाधिकारी, नालन्दा एवं श्री भारत सोनी, पुलिस अधीक्षक, नालन्दा की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आगामी मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग किया गया ।
विदित हो कि नालंदा जिलेभर में 26 जून 2026 को मोहर्रम पर्व पर मनाया जाना है ।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया जुलूस एवं अन्य पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, अफवाह अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, एवं गणमान्य नागरिकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर आपसी भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है तथा इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
मुहर्रम जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
ड्रोन कैमरों की सहायता से जुलूस मार्ग, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, अफवाह या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में समन्वय स्थापित करते हुए नियमित रूप से फ्लैग मार्च का आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बना रहे तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत गश्ती, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को भी पूरी सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को उपलब्ध कराएं।
नालन्दा जिला प्रशासन मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल आयोजन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, नालन्दा, अपर समाहर्ता,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं सभी संबंधित पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे ।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Jun 23, 2026