"दास्तां खुशियों की"
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली डिजिटल उड़ान
प्रदेश के 1.21 लाख से अधिक छात्रों के खातों में पहुंची ₹304 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
छिंदवाड़ा जिले के 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिली लैपटॉप के लिए 25000 रूपये की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण, विद्यार्थियों से संवाद कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं
विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल
==================================================================
मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में पहल करते हुए राज्य सरकार मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना चला रही है। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं परीक्षा सत्र 2025 - 26 में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस योजना के अंतर्गत मंगलवार को लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत प्रदेश के 1 लाख 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटॉप क्रय के लिए ₹304 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी कक्षा 12वीं परीक्षा सत्र 2026 में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छिंदवाड़ा जिले के 3279 एवं पांढुर्णा जिले के 831, इस प्रकार कुल 4110 पात्र मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय के लिए प्रति विद्यार्थी ₹25,000/- की राशि उनके बैंक खातों में सिंगल-क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई है। खाते में राशि आते ही इन सभी विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है और वे अपनी हायर स्ट्डीज को लेकर उत्साहित हैं।
छिंदवाड़ा जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से उत्तीर्ण छात्रा कु. प्राची डेहरिया ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 89% हासिल किये हैं और वर्तमान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज की स्टूडेंट है। प्राची का कहना है कि खुद का लैपटॉप होने के बाद कॉलेज की पढ़ाई में बहुत मदद मिलेगी। कु. सोनाक्षी राजपूत ने बताया कि उसने कक्षा 12 वीं की परीक्षा 93.6 % के साथ उत्तीर्ण की है। लैपटॉप के लिए राशि मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को धन्यवाद दिया है।
छिंदवाड़ा की कु. माही उमप ने कक्षा 12वीं की परीक्षा 89.9 % के साथ उत्तीर्ण की है। माही ने बताया कि वे बहुत समय से लैपटॉप लेना चाहती थीं, लेकिन परिवार पर आर्थिक बोझ ना आए इस संकोच में नहीं ले पा रही थीं। माही को लैपटॉप के लिए राशि मिलने की बहुत खुशी है, उसका कहना कि अब आगे की पढ़ाई सुविधाजनक तरीके से हो सकेगी। नितिन साहू, जिन्होंने 80 % के साथ कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है, उसने कहा कि लैपटॉप से अब आगे की पढ़ाई में आसानी होगी और बहुत सारी नई चीजें सीख पाऊंगा। इसी तरह छिंदवाड़ा के शासकीय स्कूल से कक्षा 12वीं में 94% हासिल करने वाली कु. दिव्यांशी जैन, 93.8% लाने वाली कु. ऐश्वर्या करेवाले, 82.4% हासिल करने वाली खुशी सिंह, 82% हासिल करने वाले समीर मंडराह, 88% हासिल करने वाले ऋषभ सूर्यवंशी सहित जिले के सभी मेधावी विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है और उन्होंने लैपटॉप के साथ डिजिटल उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को धन्यवाद दिया है। राशि अंतरण के साथ ही छिंदवाड़ा सहित प्रदेशभर के हजारों मेधावी विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा के नए अवसरों का रास्ता खुला है। सरकार की इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाना और उन्हें बदलते डिजिटल दौर के अनुरूप तैयार करना है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में भी किया गया था, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्रीजी के उद्बोधन तथा मेधावी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन एवं लैपटॉप वितरण कार्यक्रम को लाइव देखा। इस अवसर पर विद्यालयों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण रहा। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अपने उद्बोधन के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। लाइव प्रसारण के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्रीजी के प्रेरणादायी उद्बोधन को सुना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा प्राप्त की।