पद्मश्री श्री नागर का छिंदवाड़ा में नागरिक अभिनंदन
स्वैच्छिकता और जनभागीदारी से ही सामाजिक अभियानों को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप - पद्मश्री श्री नागर
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला छिंदवाड़ा के तत्वावधान में परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित श्री मोहन नागर के प्रथम नगर आगमन पर स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर के सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के छात्र-छात्राओं तथा सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने म.प्र.जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री नागर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में पद्मश्री श्री नागर ने कहा कि उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत सरकार द्वारा सम्मान प्रदान किया जाता है, लेकिन सम्मान के साथ सामाजिक दायित्व भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए समाज को स्वैच्छिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों का मूल आधार स्वैच्छिकता एवं जनसहभागिता है। जब समाज स्वयं किसी अभियान का नेतृत्व करता है, तब स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियान जनआंदोलन का स्वरूप धारण कर लेते हैं।
पद्मश्री श्री नागर ने नागरिकों से स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक नागरिक को स्वैच्छिकता अभियान का सहभागी एवं नेतृत्वकर्ता बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं स्वागत उद्बोधन जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने दिया। उन्होंने पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने पर परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री नागर को जिले की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान सम्पूर्ण छिंदवाड़ा जिले एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त श्री विनोद तिवारी ने किया। समारोह में जिले के सभी विकासखंड समन्वयक, जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता, ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं तथा जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने पद्मश्री श्री नागर के सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों की सराहना करते हुए स्वैच्छिकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।