उमगा पर्वत की सबसे ऊंची चोटी पर बाबा गौरीशंकर के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, कठिन डगर के बाद भी नहीं डिगी आस्था
बिहार के ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों में से एक औरंगाबाद जिले के प्रसिद्ध उमगा पर्वत पर सावन में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
पर्वत की सबसे ऊपरी चोटी पर स्थित प्राचीन गुफा में विराजमान बाबा गौरीशंकर के दर्शन व जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर तक चोटी पर करीब 100 मीटर लंबी कतार लगी रही।
रास्ता कठिन है क्योंकि पहाड़ है - दो पहाड़ उतरकर तीसरे पहाड़ की खड़ी चढ़ाई, संकीर्ण-पथरीली पगडंडियां और फिसलन भरा रास्ता, फिर भी शिवभक्तों के हौसले के आगे सारी कठिनाइयां बौनी पड़ गईं।
भक्तों ने गुफा में पहुंचकर जल, बेलपत्र, चंदन, रोड़ी, प्रसाद चढ़ाकर और नारियल फोड़कर बाबा का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा उमंगेश्वरी धाम गूंज उठा।