राजकीय ITI जमुई में अभ्यर्थियों को किया गया सम्मानित
राजकीय आईटीआई जमुई में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग 2027 में सहभागिता के लिए चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में प्रमाणपत्र वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय आईटीआई जमुई के प्राचार्य पवन कुमार ने की।
इस अवसर पर मंच पर संस्थान के उपप्राचार्य संदीप कुमार, महिला आईटीआई के उपप्राचार्य सुमन सौरव एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से प्रभाकर की उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसका वीडियो बुधवार की शाम 4:00 बजे सामने आई है।
गौरतलब है कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग 2027, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस कार्यक्रम के तहत युवाओं की प्रतिभा और विचारों को सामने लाने के लिए विभिन्न चरणों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता से हुई, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई। इसके बाद विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता 06 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 के बीच संपन्न हुई। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया जा रहा है।
इस पहल के अंतर्गत चयनित युवाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का अंतिम एवं महत्वपूर्ण पड़ाव राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाला विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग है, जिसका आयोजन नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है।
समारोह को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि आज का युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में संस्थान की ओर से सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उम्मीद जताई गई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर जमुई जिले और बिहार राज्य का नाम रोशन करेंगे। #jamuijila #jamui #itijamui
Jamui, Jamui | Nov 25, 2026