#बालाघाट
दीदियों को मिली जीने की नई राह: नेवरवाही में दाल प्रसंस्करण केंद्र का शुभारंभ
ग्राम पंचायत नेवरवाही में आजीविका सेवा केंद्र के अंतर्गत दाल प्रसंस्करण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक ग्राम संगठनों के पदाधिकारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालाघाट अभिषेक सराफ के निर्देशन एवं जिला परियोजना प्रबंधक श्वेता मेहतो के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
आजीविका मिशन जनपद पंचायत लांजी से राजाराम परते ने बताया कि एकीकृत कृषि क्लस्टर के अंतर्गत आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने जैविक कीटनाशकों का निर्माण एवं विक्रय, धान बीज बिक्री, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन तथा गुड़ खरीदी-बिक्री जैसी गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अब दाल प्रसंस्करण केंद्र के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आय वृद्धि का नया अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजकुमार कराहे ने मिनी दाल मिल, मसाला चक्की एवं आटा चक्की का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप स्व-सहायता समूहों की महिलाएं न केवल ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं, बल्कि उनकी प्रगति और आत्मविश्वास को देखकर लगता है कि वे भविष्य में और भी बड़ी आर्थिक उपलब्धियां हासिल करेंगी। उन्होंने महिलाओं से प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनने और देखने की अपील भी की।
ग्राम पंचायत नेवरवाही के सरपंच झामेद्र टिकेश्वर ने कहा कि आजीविका मिशन ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले महिलाएं केवल घर और खेत तक सीमित थीं, लेकिन अब वे स्वयं बैंकिंग कार्यों से लेकर व्यवसायिक गतिविधियों तक में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि नई इकाई के माध्यम से समूह द्वारा कृषि उपज की खरीदी कर उसका प्रसंस्करण कर बाजार में बिक्री की जाएगी। समूह सदस्य हसीना वाहने ने बताया कि वे दाल, चना और गुड़ की खरीदी-बिक्री के साथ-साथ जैविक दवाइयों, केंचुआ खाद एवं एजोला का उत्पादन भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस नई गतिविधि से लगभग 12 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में आलोक चौरसिया, देवेश एडे, संदीप अग्रवाल, गौरव बैस, सूरज गुप्ता, ग्राम पंचायत सचिव ऋषि मस्करे, ग्राम नोडल सुनीता चन्ने, विषय नोडल अतीत फूलमारी, सीएलएफ की पूर्व अध्यक्ष ममता दांदरे, वर्तमान अध्यक्ष कविता कोसरे, सचिव अख्तरी शेख, मैनेजर रविता साबले, लेखापाल कविता कचलाहे, कंप्यूटर ऑपरेटर निशा उइके, सहयोगी मनीषा बागड़े, बैंक सखी रूपलता कचलाहे, मीना चचाने, राजवंती देवाहे सहित विभिन्न ग्राम संगठनों के पदाधिकारी, समूह सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार संवर्धन तथा ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp