*विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन एवं नशामुक्ति का दिया संदेश*
*विश्व मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित दिनचर्या एवं सोशल मीडिया के सीमित उपयोग के प्रति किया जागरूक*
*सवाई माधोपुर, विश्व मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आनंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए तनाव मुक्ति, नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला चिकित्सालय, सवाई माधोपुर के मनोचिकित्सक डॉ. गौरव चंद्रवंशी ने विद्यार्थियों को तनाव के कारणों, दुष्प्रभावों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी।
डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही आवश्यक है। उन्होंने तनावमुक्त जीवन के लिए योग, ध्यान, नियमित खेलकूद, पर्याप्त नींद, पौष्टिक आहार, संतुलित दिनचर्या तथा परिवार एवं मित्रों से संवाद को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं मन में दबाने के बजाय माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करने की सलाह दी।
उन्होंने मोबाइल एवं सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करने तथा खेलकूद, अध्ययन, पठन-पाठन एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। साथ ही नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अंधविश्वास एवं कुरीतियों से बचने तथा प्रत्येक विषय को तर्क, तथ्य एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने के लिए भी प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य बुद्धि प्रकाश जैन ने कार्यक्रम के लिए डॉ. गौरव चंद्रवंशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तनाव, नशे एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में ममता महेश्वरी, रीना जोशी, राजेश मेहरा, लोकेश प्रजापत, गिर्राज गौतम, पार्थ नगर, अभिषेक मंगल, दीपक राठौड़, हरि सिंह बेरवा सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।