जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
धार, 17 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 23 क्रिटिकल कॉरिडोर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें लगभग 249 दुर्घटना संभावित स्थल (क्रैश प्रोन लोकेशन) चिह्नित हैं। इन स्थलों पर दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु की रोकथाम के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है । कलेक्टर ने कार्ययोजना अनुरूप कार्य किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इंजीनियरिंग, इनफोर्समेंट एवं ट्रॉमा केयर के तीन प्रमुख पहलुओं पर समन्वित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत सड़क संरचना एवं तकनीकी खामियों को दूर करने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा दुर्घटना के बाद घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कलेक्टर ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवर स्पीड, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यातायात नियमों के पालन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से 'जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट' कार्यक्रम के अंतर्गत दुर्घटना संभावित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने पर चर्चा की गई। इसके तहत जिले के कुल 249 चिन्हित स्थलों में से 53 प्राथमिकता वाले स्थलों का आगामी एक माह में संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सड़क इंजीनियरिंग, संकेतक, सुरक्षा उपायों से संबंधित कमियों की पहचान कर उनके त्वरित निराकरण की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए ।
बैठक में सड़क सुरक्षा मित्र (एसएसएम) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मार्गदर्शिका के अनुसार 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को स्वयंसेवक के रूप में पंजीकृत कर प्रशिक्षित किया जाएगा। इन स्वयंसेवकों की सेवाएं सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा यातायात नियमों के पालन के लिए नागरिकों को प्रेरित करने में ली जाएंगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए तथा संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण एवं कार्यवाही सुनिश्चित करें। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Indore Commissioner Collector Office Dhar
Dhar, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026