बलिया जिले में गंगा और घाघरा नदियां चेतावनी बिंदु से ऊपर बह रही हैं। जिसको देखते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने एक वीडियो जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने लोगों से खास तौर पर बच्चों को बाढ़ के पानी में जाने से रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बांध और नदी के बीच जमा पानी में गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, ऐसे में नहाने या खेलने के लिए वहां जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।
एसपी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में बाढ़ के पानी में बच्चों के जाने के कारण दुर्घटनाएं भी सामने आई हैं। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस लाउड हेलर के जरिए लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। थाना प्रभारी, बीट कांस्टेबल और मिशन शक्ति की महिला कांस्टेबल भी गांवों में भ्रमण कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के नए पुल के आसपास भी गंगा का पानी काफी बढ़ गया है। यहां लोग पुल पर जाकर पानी देखने और नहाने का प्रयास कर रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और लोगों को पुल तथा नदी के आसपास जाने से रोका जा रहा है।
एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी तरह की अनहोनी न हो और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुद भी सावधानी बरतें और बच्चों को बाढ़ के पानी में जाने से रोकें।
#ballia #Flood #BalliaSP #Balliakhabar