मैदान 2.0 अभियान का बड़ा असर: पंचकूला पुलिस ने 10 दिन में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 11 आरोपी गिरफ्तार, 4 करोड़ से अधिक के नशीलें पदार्थ बरामद
10 दिन में 29 क्षेत्रों का दौरा कर 278 लोगों से मिली पुलिस, 16 नशा पीड़ितों की पहचान कर 13 नशा पीड़ितों का उपचार करवाया शुरू
अब तक 18 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में डॉग स्क्वॉड की सहायता से रेड की, पूर्व में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए 61 नशा तस्करों का सत्यापन
नशा छोड़ने, नशा तस्करी की सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081048 पर करें संपर्क
पंचकूला/ 08 जून:- जिला पंचकूला को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर पंकज नैन द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान मैदान 2.0 के तहत पंचकूला पुलिस लगातार बड़े स्तर पर कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के माध्यम से पुलिस केवल नशा तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने, प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास और आधुनिक तकनीक के जरिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।
इसी कड़ी में जिले की विभिन्न क्राइम यूनिट्स ने बीते 10 दिनों के दौरान नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 10 अलग-अलग मामलों में 11 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से लगभग 4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1 किलो 946 ग्राम हेरोइन, 7 किलो 224 ग्राम अफीम तथा 215 ग्राम चरस बरामद की है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, सप्लाई चैन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पंचकूला पुलिस केवल गिरफ्तारी तक अपनी कार्रवाई सीमित नहीं रख रही, बल्कि पूर्व में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए 61 नशा तस्करों का भी सत्यापन किया गया है, ताकि उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखकर दोबारा अपराध में संलिप्तता को रोका जा सके।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि जिले में नशा तस्करी से जुड़े संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां लगातार दबिश, औचक रेड और विशेष चैकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। सभी थाना और क्राइम यूनिट की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में आज रामगढ़ क्षेत्र में विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अब तक 18 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में डॉग स्क्वॉड की सहायता से रेड की जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा सामाजिक स्तर पर भी नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों ने 29 क्षेत्रों का दौरा कर 278 लोगों से संपर्क किया तथा 16 नशा पीड़ितों की पहचान की। इनमें से 13 व्यक्तियों का उपचार शुरू करवाया जा चुका है, जबकि 3 नशा पीड़ितों को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया है।
नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पंचकूला पुलिस आधुनिक तकनीक को भी अभियान से जोड़ रही है। शहर की 1213 विभिन्न लोकेशनों पर स्थापित लगभग 2736 सीसीटीवी कैमरों को एक एकीकृत निगरानी तंत्र से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से पूर्व में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए नशा तस्करों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों, नशा नेटवर्क और तस्करों की आवाजाही पर रियल टाइम नजर रखी जा सके।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा छोड़ने, नशा तस्करी की सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081048 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।