इंजीनियरिंग डिप्लोमा की दोस्ती से हेरोइन तस्करी तक पहुंचे दो दोस्तों को पंचकूला पुलिस ने किया गिरफ्तार, यूपी से अफीम लाकर पिंजौर में बेचने वाला तस्कर भी काबू
पंचकूला पुलिस ने 2 मामलों में 3 नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 2 आरोपी रिमांड पर, 1 को न्यायिक हिरासत भेजा
पंचकूला/ 16 सितंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पुलिस टीमें नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियों पर कड़ी नजर रखते हुए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला तथा क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने अलग-अलग दो मामलों में 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 682 ग्राम अफीम तथा 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पहले मामले में आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जबकि दूसरे मामले में एक आरोपी को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पहला मामला: यूपी से अफीम लाकर पंचकूला के पिंजौर व आसपास के क्षेत्र में बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 682 ग्राम अफीम बरामद
एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला की टीम ने इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के मामले में आरोपी रणवीर निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, हाल किराएदार जिला पंचकूला, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर कालका, पिंजौर व मढ़ावाला क्षेत्र में सप्लाई करता था। तलाशी के दौरान आरोपी से 682 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
दूसरा मामला: क्राइम ब्रांच-3 ने 2 हेरोइन तस्करों को किया गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने इन्चार्ज इंस्पेक्टर अजीत सिंह की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हेरोइन की सप्लाई करने के आरोप में बाइक सवार दो युवकों मनीष निवासी कालका, उम्र 32 वर्ष तथा करण निवासी कालका, जिला पंचकूला, उम्र 29 वर्ष को सूरजपुर चंडीमंदिर लाइटों के पास नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी मनीष की जेब से 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि दोनों ने हिमाचल प्रदेश से इंजीनियरिंग डिप्लोमा किया है। दोनों मिलकर हेरोइन खरीदते थे और उससे होने वाला मुनाफा आपस में बांट लेते थे। पुलिस द्वारा मामले में सप्लाई के स्रोत तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी मनीष को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी करण को आज अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। इंजीनियरिंग डिप्लोमा करने वाले युवाओं का इस अवैध कारोबार में शामिल होना इस बात की ओर ध्यान दिलाता है कि नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। पंचकूला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान भी जारी रखेगी। अभिभावकों और आमजन से अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पंचकूला पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7087081100 व 7087081048 पर दें।
Panchkula, Panchkula | Sep 16, 2026