अभिजीत हत्याकांड में पुलिस की छानबीन तेज, CCTV फुटेज और मोबाइल डाटा खंगाल रही जांच टीम..See more
सहरसा। चर्चित अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए सहरसा पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के कई इलाकों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की भी गहन जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद अभिजीत के मोबाइल से कई लोगों को कॉल और मैसेज किए गए थे। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के बाद किन-किन लोगों ने मोबाइल का इस्तेमाल किया। एक संदिग्ध को हथियार लाने का संदेश भेजे जाने और बाद में उसे डिलीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आर्यन सिंह पूछताछ के दौरान लगातार अपने बयान बदल रहा है, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। बताया जाता है कि उसने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए बयान से भी कई बार अलग बातें कही हैं। इसी वजह से पुलिस तकनीकी और मानव खुफिया तंत्र की मदद से सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने एक हथियार और एक एयरगन बरामद की है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार यही था या कोई अन्य। जांच के दौरान दो खोखे भी बरामद किए गए हैं।
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, अनुसंधानकर्ता अमित कुमार और पुलिस टीम लगातार मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर आरोपी का दोबारा रिमांड लेकर पूछताछ की जा सकती है।
●मुख्य बिंदु
_कई CCTV फुटेज की जांच जारी
_मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और चैट खंगाली जा रही
_आरोपी के बदलते बयान से जांच में चुनौती
_एक हथियार, एक एयरगन और दो खोखे बरामद
_जरूरत पड़ने पर दोबारा रिमांड की तैयारी
Kahara, Saharsa | Sep 26, 2026