बीपीएससी में 65वीं रैंक हासिल कर कुसुम ने बढ़ाया शेखपुरा का मान, भाजपा नेता विपिन मंडल ने किया सम्मानित।
जिले वासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 65वीं रैंक हासिल कर शेखपुरा जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करने वाली नगर परिषद क्षेत्र के इंदाय मोहल्ला की रहनेवाली प्रतिभाशाली छात्रा कुसुम से शनिवार को भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि विपिन मंडल उनके आवास पर पहुंचकर कुसुम को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है । इस मौके पर भाजपा नेता ने कहा कि कुसुम की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे शेखपुरा जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कुसुम ने जो मुकाम हासिल किया है, वह जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और प्रशासनिक सेवाओं में उनकी बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने कुसुम के माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को भी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के संस्कार, सहयोग और त्याग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुसुम प्रशासनिक सेवा में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। वहीं इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भी कुसुम की इस उल्लेखनीय सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे शेखपुरा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।