अपर समाहर्ता द्वारा अंचल कार्यालय बरबीघा में आयोजित शनिवारीय भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन।
आज दिनांक 27.06.2026 को अपर समाहर्ता, शेखपुरा श्री लखीन्द्र पासवान द्वारा अंचल कार्यालय, बरबीघा में आयोजित शनिवारीय भूमि विवाद निवारण शिविर का अनुश्रवण किया गया। अनुश्रवण के दौरान भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण एवं बिना विधिसम्मत अभिलेख के निर्माण कार्य से संबंधित एक आवेदन का भी अवलोकन किया गया। अपर समाहर्ता ने अंचलाधिकारी, बरबीघा को निर्देश दिया कि संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों का सत्यापन, अमीन से स्थल निरीक्षण एवं मापी कराकर तथ्यात्मक प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए।
अपर समाहर्ता ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाली भूमि विवाद निवारण बैठक में प्राप्त सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। जिन मामलों में विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना हो, उनमें स्थानीय थाना के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक निवारक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उपस्थित सभी को निर्देशित किया गया कि राजस्व एवं पुलिस पदाधिकारियों के समन्वय से भूमि विवादों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों को विधिसम्मत एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराया जाए।
अनुश्रवण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता मृत्युंजय कुमार ,अंचलाधिकारी, बरबीघा गौरव कुमार, राजस्व कर्मचारी, संबंधित अमीन एवं अन्य अंचलकर्मी उपस्थित थे।