किराए के मकान में मिला आतिशबाजी का जखीरा, करीब 10 लाख रुपये का पटाखा बरामद
माधौगंज। दिवाली से पहले माधौगंज पुलिस ने अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबादी के बीच स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई में मकान से करीब 10 लाख रुपये कीमत की भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मकान को किराए पर लेकर उसमें बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का जखीरा रखा गया था। आबादी के बीच भारी मात्रा में पटाखे मिलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में आतिशबाजी का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके लिए आवश्यक अनुमति एवं लाइसेंस लिए गए थे या नहीं। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।