जिला सैनिक बंधु की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई समीक्षा
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सैनिक कल्याण विभाग द्वारा पूर्व सैनिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं, पेंशन संबंधी मामलों, चिकित्सा सुविधाओं, भूमि आवंटन, रोजगार एवं अन्य समस्याओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही विभिन्न प्रकरणों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं प्रार्थना पत्रों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, संबंधित विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 12, 2026