एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, सुरक्षित प्रसव से मां और नवजात दोनों स्वस्थ
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम खानू शंकरपुर में समय पर मिली एंबुलेंस सेवा और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव एंबुलेंस में ही कराया गया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम खानू शंकरपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी निर्मला शीतला देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 102 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस संख्या UP32 FG 1608 की टीम मौके पर पहुंच गई।
एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सुषमा ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। इस दौरान लखनऊ स्थित ईआरसीपी के चिकित्सकों से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लिया गया। प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते मां और नवजात दोनों सुरक्षित रहे। प्रसव के बाद महिला और नवजात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य और स्वस्थ बताई जा रही है।
परिजनों ने एंबुलेंस कर्मियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता की सराहना की।
Bilgram, Hardoi | Jun 11, 2026