30 ग्राम हेरोइन और देसी कट्टे समेत नशा तस्कर गिरफ्तार
पलवल, 16 सितंबर। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने गांव खाईका में कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन (स्मैक), एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
यूनिट प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह के अनुसार, टीम पलवल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव खाईका निवासी हसन मोहम्मद पुत्र इलियास नशीले पदार्थों की बिक्री करता है और उसके पास अवैध हथियार भी है। सूचना के आधार पर टीम ने गांव खाईका के पास घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन, एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इस कार्रवाई को ब्यूरो प्रमुख एवं एडीजीपी संजय कुमार के दिशानिर्देशन तथा डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। डीआईजी मीणा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मामले में थाना बहीन, जिला पलवल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
आमजन से अपील: निरीक्षक संग्राम सिंह ने लोगों से अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस या एचएसएनसीबी के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 और 1933 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Palwal, Palwal | Sep 16, 2026