गोलीकांड के आरोपी खुलेआम घूम रहे! डरे परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
मुरैना। जानलेवा हमले के एक मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक मुरैना को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और परिवार पर केस वापस लेने व समझौता करने का दबाव बना रहा है। डर के कारण बच्चों ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है।
एसपी ऑफिस शिकायत लेकर पहुंचे ग्राम चिननोनी चंबल निवासी दिलीप शर्मा ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को उस पर कथित रूप से सतीश शर्मा ने गोली चलाई थी। घटना के समय उसके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जिन्हें परिजनों ने देखा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस ने केवल मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया, जबकि अन्य दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कॉल डिटेल सहित अन्य जानकारी उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। साथ ही आरोपी के राजनीतिक प्रभाव के कारण उसे संरक्षण मिलने और शिकायतकर्ता की जानकारी आरोपियों तक पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि आरोपी लगातार परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। भय के माहौल के चलते बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है और पूरा परिवार मानसिक तनाव में जीवन व्यतीत कर रहा है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मुख्य आरोपी एवं उसके साथियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, परिवार और बच्चों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा स्थानीय पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
#morena #मुरैना #पुलिस