विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह संगठन मंत्री विनोद नेतल का सिरमौर प्रवास, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की
न्यूज़ देशआदेश
प्रवास के पहले दिन शिलाई क्षेत्र के कफोटा प्रखंड की बैठक सतौन में जिला उपाध्यक्ष कुलदीप गतवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
इसके बाद पांवटा साहिब नगर में विश्व हिंदू परिषद जिला सिरमौर के विभिन्न आयामों की जिला स्तरीय बैठक हुई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनोद नेतल ने हित चिंतक अभियान-2026 की जानकारी दी।
उन्होंने इस बार अभियान को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने की प्रक्रिया, प्रमुख बिंदुओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश और विशेषकर सिरमौर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। प्रांत सह संगठन मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों एवं संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय एवं प्रदेश की जांच एजेंसियों से ऐसे मामलों में सतर्कता बरतने और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने की जरूरत बताई। इस विषय पर संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिला बैठक में प्रांत मठ-मंदिर एवं अर्चक पुरोहित संपर्क प्रमुख दीपक भंडारी, विहिप जिला सोलन संगठन मंत्री सिद्धार्थ शर्मा, सिरमौर जिला सह मंत्री सतीश कुमार, बजरंग दल जिला संयोजक चौधरी किशोरी लाल बिंदु, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका सीमा देवी, जिला दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति संरक्षिका दीक्षा ऊषा देवी, बजरंग दल जिला सुरक्षा प्रमुख रिंकू चौधरी, जिला गौरक्षा प्रमुख संदीप चौधरी, विहिप प्रखंड अध्यक्ष सुरेश चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद माजरा प्रखंड की बैठक में भी विनोद नेतल ने भाग लिया और संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
प्रवास के दूसरे दिन कालाअंब प्रखंड और नाहन नगर में बैठकें आयोजित की गईं।
विहिप जिला अध्यक्ष विभोर कुमार की अध्यक्षता में हुई इन बैठकों में हित चिंतक अभियान-2026 के साथ स्थानीय स्तर के विभिन्न संवेदनशील विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन की आगामी योजनाओं और गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
विश्व हिंदू परिषद जिला सिरमौर के पदाधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय प्रवास का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना रहा।
Paonta Sahib, Sirmaur | Nov 17, 2026