समाहरणालय बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक: 26 जुलाई 2026
शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी विकास हेतु जिला प्रशासन बक्सर की नई पहल "ज्ञानार्जन अभियान"
बक्सर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी, गुणवत्तापूर्ण एवं सर्वसुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा "ज्ञानार्जन अभियान" का शुभारंभ किया गया है।
इस अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना, विद्यालयों में नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिला पदाधिकारी बक्सर के निर्देशानुसार यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में नामांकन से वंचित बच्चों की पहचान, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय से जोड़ना, विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान विद्यालयों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, अभिभावक-शिक्षक संवाद, कैरियर मार्गदर्शन सत्र, पुस्तक एवं शिक्षण सामग्री की उपलब्धता, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
इस अभियान के सफल संचालन हेतु उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन भी किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 25.07.2026 को सभी विद्यालयों में आयोजित अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी में उपस्थिति को लेकर अप्रत्याशित वृद्धि अवलोकित हुई एवं 91.49% आयोजन के साथ बक्सर जिला पूरे राज्य में तृतीय स्थान पर रहा। विशेष रूप से इस आयोजन में जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।
इस अभियान के माध्यम से विशेष रूप से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों, बालिकाओं, दिव्यांग बच्चों तथा अन्य वंचित समूहों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जिले में शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक समान रूप से पहुँच सके।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील किया है कि वे "ज्ञानार्जन अभियान" में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने एवं शिक्षित बक्सर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
"ज्ञानार्जन अभियान" केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनभागीदारी आधारित सामाजिक पहल है, जिसका लक्ष्य "हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े" के संकल्प को साकार करते हुए बक्सर को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
22 views | Buxar, Bihar | Jul 26, 2026