रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित जिलों के लिए राहत सामग्री रवाना की, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दिखाई हरी झंडी!!
मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए भारतीय रेडक्रॉस समिति, उत्तराखंड राज्य शाखा ने प्रदेश के विभिन्न आपदा प्रभावित जिलों के लिए राहत सामग्री रवाना की। वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने समिति के प्रतिनिधि अजय सेमवाल की मौजूदगी में राहत सामग्री से लदे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राहत सामग्री में टेंट, तिरपाल, किचन सेट, कंबल सहित अन्य आवश्यक सामान शामिल हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड राज्य शाखा ने बताया कि मानसून सत्र को देखते हुए प्रदेश की सभी जिला शाखाओं को सक्रिय कर दिया गया है। आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस समिति के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली से आवश्यक राहत सामग्री मंगाकर जिलों को भेजी जा रही है।
समिति का कहना है कि इस पहल से जिला स्तर पर राहत कार्यों में तेजी आएगी और आपदा प्रभावित लोगों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सकेगी।