अररिया में वासंतिक (रबी) महाअभियान सह महिला किसान दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिक एवं जलवायु अनुकूल खेती अपनाने तथा पशुपालन से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
आत्मा, अररिया के तत्वावधान में वासंतिक (रबी) महाअभियान कार्यक्रम सह महिला किसान दिवस का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, अररिया परिसर में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ कृषि की विविध विधाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गेहूँ एवं मक्का के अतिरिक्त दलहनी फसलों, विशेषकर राजमा एवं मसूर तथा तेलहनी फसल सरसों की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिल सकती है।
जिला पदाधिकारी ने जलवायु अनुकूल खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों को उद्यानिक फसलों, जैसे स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट एवं शिमला मिर्च की खेती के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा कृषि में उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करने पर भी बल दिया। उन्होंने किसानों से कृषि के साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन जुड़ने तथा पशुओं का बीमा कराने, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं विपणन की दिशा में आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, कीट एवं व्याधि प्रबंधन तथा बेहतर उत्पादन के लिए अपनाई जाने वाली वैज्ञानिक विधियों के संबंध में किसानों को जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, उप परियोजना निदेशक, आत्मा, सभी सहायक निदेशक, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Araria, Araria | Oct 15, 2026