पल्लू माता मंदिर जा रहे 4 दोस्तों को पिकअप ने रौंदा: 3 की मौके पर मौत, 1 गंभीर घायल बीकानेर रेफर
#Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarhnews
पल्लू (हनुमानगढ़)। लालबहादुर भाखर:- हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चारों युवक पैदल पल्लू ब्राह्मणी माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किकरालिया गांव निवासी मोहित कुमार (35), अजय, अशोक और रूपेश 10 अक्टूबर की रात पैदल पल्लू माता मंदिर के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 2:30 बजे जैसे ही वे झेदासर गांव से निकले, पीछे से आई एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित, अजय और अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सभी को पल्लू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चौथे गंभीर घायल रूपेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, मृतकों में शामिल अजय एक निजी शिक्षक था और उसकी करीब 7 महीने पहले ही शादी हुई थी। वहीं अशोक रावतसर कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा था और मोहित पढ़ाई के साथ-साथ दुकान में पिता का हाथ बंटाता था। घायल रूपेश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
मामले को लेकर रामप्रसाद की रिपोर्ट पर पल्लू थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।