बैठक के बाद युवा कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, पेपर लीक के विरोध में किया प्रदर्शन
हरदोई, 28 जून। भारतीय युवा कांग्रेस की प्रथम जिला कार्यकारिणी बैठक रविवार को जिला कार्यालय, जिंदपीर चौराहा, नाघेटा रोड पर जिलाध्यक्ष मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश महासचिव मोंटी शुक्ला, राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, प्रदेश सचिव आशीष पाल, एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के उपरांत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की ताकत है और कांग्रेस पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसंघर्षों में पूरा सहयोग करेगी। प्रदेश महासचिव मोंटी शुक्ला ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं और युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में विफल रही है। वहीं जिलाध्यक्ष मोहन सिंह ने कहा कि हरदोई युवा कांग्रेस जिले के छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी तथा छात्रों को न्याय मिलने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
Bilgram, Hardoi | Jun 28, 2026