सिंहस्थ-2028. नियमित निरीक्षण-111
---------------
🔸हनुमान नाका-हरिफाटक व नीलगंगा-हरिफाटक मार्ग चौड़ीकरण 31 दिसंबर तक पूरा करें-संभागायुक्त श्री सिंह
--------------------
🔸संभागायुक्त ने निर्माण एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने और सहायक यंत्री को निलंबित करने के निर्देश दिए
-------------------
उज्जैन, 15 नवंबर। सिंहस्थ महापर्व 2028 को लेकर उज्जैन में श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों की सुविधा के लिए विकास एवं निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा की नियमित समीक्षा की जा रही है। रविवार को संभागायुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम एवं उज्जैन विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण और नवीन मार्ग निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा भी उपस्थित रहे।
🔸संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे हनुमान नाका से हरिफाटक तथा नीलगंगा से हरिफाटक मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ ही मौके पर उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। निर्माण कार्य की धीमी गति पर संभागायुक्त श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी ब्राइट इंफ्रा को ब्लैक लिस्ट करने तथा कार्यस्थल के सहायक यंत्री श्री जीपी डेहरिया को निलंबित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार अतिरिक्त संसाधन और पर्याप्त संख्या में श्रमिक लगाकर 31 दिसंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए और मार्ग पर आवागमन प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नही होना चाहिए। 31 दिसंबर की डेडलाइन के बाद एक दिन भी कार्य आगे बढ़ा तो संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण कार्य में बाधक संरचनाओं को तत्काल हटाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
🔸इसके बाद संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्माणाधीन खाक चौक-वीर सावरकर चौराहा से गढ़कालिका मंदिर, पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल होते हुए भर्तृहरि गुफा चौराहा तक नवीन मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों को बताया गया कि खाक चौक से भर्तृहरि गुफा तक कुल 2100 मीटर लंबा और 7 मीटर चौड़ा मार्ग बनाया जा रहा है। इसमें अब तक 950 मीटर लंबाई में एक ओर मार्ग निर्माण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि शेष कार्य को भी तेजी से पूरा कर दिसंबर माह में कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन व श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त और कलेक्टर ने मार्ग निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय किसानों से भी चर्चा की। किसानों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से स्थानीय रहवासियों के साथ-साथ उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी सुश्री दृष्टि जायसवाल, श्री ओम प्रकाश सनोडिया सहित नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण के अधिकारी, इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Simhasth2028 JDjansampark Ujjain Collector Office Ujjain Ujjain Commissioner Dr Mohan Yadav