वोट के अधिकार पर हमले के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे सैकड़ों
लोग : सीपीआई(एम)
भिवानी 29 अक्तूबर , 2026
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी भिवानी की ओर से 1
नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली
की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। पार्टी के जिला सचिव कामरेड
ओमप्रकाश, सचिव मण्डल सदस्य सुखदेव पालवास, कामरेड अनिल कुमार , करतार
ग्रेवाल व मास्टर जगरोशन ने विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से रैली में
भारी संख्या में शामिल होने की अपील की है ।
पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार और चुनाव आयोग द्वारा चलाई जा रही
एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से लोगों के मताधिकार पर हमला किया जा रहा
है। संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत प्राप्त मतदान के अधिकार को सुरक्षित
रखना जरूरी है। मतदाताओं से अनावश्यक आवेदन और हलफनामे मांगने तथा पात्र
नागरिकों के वोट काटे जाने की शिकायतें लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का
विषय हैं। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी और कानून
के अनुरूप होना चाहिए, न कि आम नागरिकों को परेशान करने का माध्यम। इस
तरह से देश में 13 करोड़ से अधिक वैध वोट काटकर चुनावी प्रक्रिया को
नेस्तनाबूध किया जा रहा है ।
सीपीआई(एम) ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से
हटाया जाए और उनके खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराते हुए उन पर
मुकदमा चलाया जाए । एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया रद्द की जाए, गलत तरीके
से काटे गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं तथा चुनाव आयुक्तों की
नियुक्ति संबंधी 2023 के कानून में बदलाव करके प्रधानमंत्री, विपक्ष के
नेता और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की तीन सदस्यीय समिति के
माध्यम से नियुक्तियां की जाएं। ताकि वे निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से
काम कर सकें ,
पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता
लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है। उन्होंने कहा कि भिवानी, चरखी दादरी और
महेंद्रगढ़ से सैकड़ों लोग 1 नवंबर को दिल्ली की रैली में शामिल होकर वोट
के अधिकार और संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने आम जनता
से आह्वान किया कि “वोट का अधिकार बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए" 1
नवंबर को दिल्ली रामलीला मैदान में पहुंचे ।