गोह (औरंगाबाद): गोह प्रखंड मुख्यालय में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट गोह प्रीमियर लीग (GPL) का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कुल 16 टीमों की भागीदारी वाले इस आयोजन में गोपाल टीम-11, गोह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दर्शकों ने पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विजेता टीम के शानदार प्रदर्शन पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क का बेहतरीन परिचय दिया।
टूर्नामेंट का आयोजन एवं समापन समारोह बृजमोहन दास की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
समारोह में आशुतोष कुमार, सूरज सिंह, किशन सिंह राजपूत, प्रिंस कुमार, गोविंद पांडे और आलोक पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में आयोजकों ने सभी टीमों, दर्शकों और सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी गोह प्रीमियर लीग का और भव्य आयोजन करने की घोषणा की।