तिरंगा शपथ का आयोजन
प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को
-----
भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 09 से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा अभियान-2026” व्यापक जनभागीदारी एवं देशभक्ति की भावना के साथ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति पूर्ण श्रद्धा, सम्मान और निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, कराहल श्री बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय शाक्य एवं श्री शिवलाल शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के सामुहिक गायन से हुई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगायें और नागरिकों को भी तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जायेगा।
11 से 13 अगस्त तक सभी ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी, इसी दौरान नगरीय क्षेत्रो में महिला तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जायेगा। 12 अगस्त को जिला स्तर पर बाइक तिरंगा यात्रा आयोजित होगी, शाम 5 बजे से आयोजित होने वाली बाइक तिरंगा यात्रा में सभी कार्यालय प्रमुख, अधिकारी, कर्मचारी, महाविद्यालय के छात्र आदि भाग लेंगे। इसी क्रम में 13 अगस्त को नगर के विभिन्न स्थानों पर एवं ग्रामों में सुविधाजनक स्थलों पर हर घर तिरंगा एवं वंदेमातरम् थीम पर रंगोली बनाई जायेगी। 14 अगस्त को प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला के नेतृत्व में श्योपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जायेगा, यह रैली जयस्तभ चौक से शुरू होकर सुबात चौराहा, बडौदा रोड, पटेल चौक से श्रीराम तलाई हनुमान जी मंदिर पर आकर समाप्त होगी। कार्यालयों एवं स्कूलों में तिरंगा थीम पर स्थापित सेल्फी प्वांइट पर सभी अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी अपनी-अपनी सेल्फी लेकर वेबसाइट https://harghartiranga.com पर अपलोड करेंगे। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों एवं स्कूलों में भी राष्ट्रगीत का गायन कर तिरंगा शपथ ली गई।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur